
श्रीगंगानगर। (राकेश घिंटाला)राज्य सरकार की ओर से जिले को आवंटित की गई मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में अब आमजन अपने खाद्य पदार्थों की जांच रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित जिला स्वास्थ्य भवन के सीएमएचओ ऑफिस में करवा सकते हैं। यह जांच हाथों हाथ होगी और पूरी तरह से निशुल्क रहेगी।
सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया कि आमजन की अक्सर अपने नियमित रूप से उपयोग में होने वाले खाद्य पदार्थों की जांच करवाने की मांग रहती है। इसी के मद्देनजर जिलास्तर पर नवाचार करते हुए निर्णय लिया गया है कि अब कोई भी नागरिक खाद्य पदार्थों की जांच सीएमएचओ ऑफिस में आकर करवा सकते हैं। बुधवार 10 जुलाई से सुबह साढ़े दस बजे से शाम पांच बजे के मध्य यह जांच सुविधा उपलब्ध रहेगी और किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लगेगा।
सीओआईईसी विनोद बिश्नोई ने बताया कि इसके नोडल अधिकारी एफएसओ हेतराम खुड़िया रहेंगे लैब सहायक यशपाल को लगाया गया है। खाद्य सामग्री देने के बाद 10-15 मिनट में यह पता चल जाएगा कि खाद्य पदार्थों में कितनी मिलावट है।इसमें आम नागरिक दूध, दूध से बने पदार्थ, आटा, दाल, चावल, तेल, घी, मसाले तथा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की जांच करा सकेगा।इस मोबाइल लैब में मिल्क एनालाइजर, हॉट एयर ओवन, हॉट प्लेट, मिक्सर ग्राइंडर, डिजिटल वेइंग स्केल, डिजिटल मल्टी पैरामीटर, हेड हेल्ड मीटर, डिजिटल रिफ्रेक्टोमीटर आदि उपकरण मौजूद हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा दूध में फैट की मात्रा, मिलावट वाले स्टार्च, यूरिया, पानी में जीएच, टीडीएस, कंडक्टिविटी जैसे रसायनों की जांच मौके पर ही की जा सकेगी।








