

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)
सावन महीने के पहले सोमवार को कांठ लाडलाबाद स्थित प्रकटेश्वर शिवमंदिर पर श्रद्धालुओं का सैलाव उमड़ पड़ा। यहां पर बड़ी संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। मेले में भी जमकर खरीदारी की गई।

कांठ के लाडलाबाद स्थित प्रकटेशर शिवमंदिर पर सोमवार को बड़ी तादाद में शिवभक्त पहुंचे। यहां पर तड़के से ही भगवान शंकर का जलाभिषेक प्रारंभ हो गया था। शिवभक्तों ने बड़े ही उल्लास के साथ भगवान शंकर का जलाभिषेक कर मंदिर में माथा टेका और प्रसाद चढ़ाया गया। सुख-शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर कई श्रद्धालुओं ने भंडारे का आयोजन भी किया। जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र व दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इधर यहां लगे विशाल मेले में भी श्रद्धालुओं के द्वारा जमकर खरीदारी की गई। मंदिर कमेटी के लोगों के साथ व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना पुलिस और पीएसी मौजूद रही।

इसके अलावा छजलैट के ढाकी स्थित प्राचीन महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के अद्भुत जोड़े के दर्शन किए और प्रसाद आदि चढाते हुए भगवानशिव का जलाभिषेक किया। नगर क्षेत्र बम बटक मंदिर, मुख्य बाजार स्थित बड़े शिवमंदिर, विश्वनाथ महादेव मंदिर, विशनपुरा स्थित शिवमंदिर, शिव मोहनी मंदिर घोसीपुरा, संत रविदास मंदिर, श्री रामज्योति मंदिर, महर्षि वाल्मीकि मंदिर माननगर में भी आस्था के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।



