
सलेमपुर, नगर के सुगही व सलाहाबाद वार्ड में बिजली का तार टूटने से नाराज लोगों ने उपकेंद्र पर रविवार की रात हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने सभी फीडर से आपूर्ति ठप करा दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल के बिजली बहाल कराने के आश्वसन पर लोग शांत हुए। नगर सुगही वार्ड व सलाहाबाद वार्ड को जाने वाली बिजली का एलटी तार देर शाम को टूटकर गिर गया। लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग के जेई एवं एसडीओ को दी। अधिकारियों के इस समस्या को गंभीरता से न लेने व टूटे तार को नहीं जोड़े जाने नाराज वार्डवासी रात 10 बजे के करीब एक्सईएन कार्यालय पर पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने उप केंद्र पर सभी फीडर की लाइन को बंद करा दिया। नगरवासी अड़ गए जबतक उनके वार्ड का तार जोड़ कर बिजली संचालित नही की जाएगी तब तक किसी भी फीडर की बिजली बहाल नही होने देंगे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए एक्सईएन राम हरि ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली ने लोगों को समझा बुझा कर किसी तरह शांत कराया। तार जोड़ने को बिजली विभाग के लाइनमैन को भेजा तब मामला शांत हुआ। एक्सईएन ने बताया कि सुगही व सलाहाबाद वार्ड को जाने वाली एलटी तार टूट जाने वार्ड के लोग नाराज होकर कार्यालय पर आए थे। उन लोगों की मांग थी कि हम सभी के वार्ड की बिजली जबतक बहाल नही होगी तब अन्य फीडर बन्द रहेगी। कोतवाल उमेश कुमार बाजपेयी ने बताया कि सुगही वार्ड में बिजली की समस्या को लेकर उपकेंद्र पर पहुंचे थे। उन्हें किसी तरह समझ बुझाकर शांत करा दिया गया और बन्द फीडर से आपूर्ति बहाल करा दी गई।





