
‘ जटवार के ग्रामीणों ने सीओ से की कार्रवाई की मांग
इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव जटवार में एक कथा वाचक संत व उनके शिष्यों के साथ कुछ लोगों ने आश्रम में घुसकर मारपीट की थी । पुलिस ने मामला भी पंजीकृत कर लिया है । संत ने आरोपितों से जान माल का खतरा बताया है । ग्रामीणों ने संत के साथ सीओ राजीव द्विवेदी से भेंट करके कार्रवाई की मांग की । विदित रहे कि गांव जटवार में रामश्री देवी संत आश्रम है । यहां रंजनानंद उर्फ धांसू बाबा अपने शिष्यों के साथ रहते हैं । बाबा व शिष्यों के साथ रविवार की शाम गांव के नारायन सिंह ने परिवार के लोगों को साथ लेकर हमलावर कर दिया था । बाबा व शिष्यों के साथ मारपीट की गई । घटना के संबंध में नारायण सिंह , ओमवती , अजीत , नीतू , सोना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी । घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था । बाबा का आरोप है कि उक्त लोग आश्रम की भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं । गांव जटवार के ग्रामीण संत के साथ सीओ से मिले और आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की । संत का कहना है कि प्राथमिकी पंजीकृत होने के बाद आरोपित आश्रम घुस आए हैं और एक कमरे पर कब्जा कर लिया है । आरोपित महिलाओं को आगे कर देते हैं और उसके व शिष्य के विरुद्ध झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी दी जा रही हैं । सीओ राजीव द्विवेदी ने निरीक्षक सुभाष कठेरिया को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं ।











