
सिद्धार्थनगर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पंजीकृत छात्र-छात्राएं फर्राटेदार अंग्रेजी बोल सकें, इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। अंग्रेजी में वार्ता को लेकर स्कूल परिसर में ही विभिन्न प्रयोग किए जाएंगे। जिले में 28 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। यहां पर अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी विषय में दक्ष किया जाएगा। जिससे वह अंग्रेजी भाषा में बातचीत कर सकेंगे। इसके लिए उप्र एवलिन प्रोग्राम फॉर यूथ को लागू किया रहा है। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा बोलने व समझने की दक्षता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को विद्यार्थी में प्रभावी संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, निर्णय लेने के साथ बढ़ते अवसरों और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने व सशक्त बनाने के लिए तैयार किया गया है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अंग्रेजी भाषा में दक्षता से विद्यार्थियों को उनकी अकादमिक गतिविधियों में बेहतर समझ और उत्कृष्टता मिलेगी। इसके लिए छात्र-छात्राओं को रोज नए शब्द सिखाए जाएंगे। साथ ही उसका अर्थ बताते हुए वाक्य प्रयोग और बोलचाल में उसे प्रयोग करना सिखाया जाएगा।
अंग्रेजी भाषा की हिचक खत्म करने के लिए सहपाठी छोटे-छोटे समूह बनाकर आपस में संवाद करेंगे। स्कूलों में अंग्रेजी भाषा में नाटक प्रस्तुतीकरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नाटक का विषय विद्यार्थी स्वयं सोच सकेंगे।
स्कूलों में एक बाक्स में कई विषयों पर आधारित पर्चियां रखी जाएंगी। विद्यार्थी एक पर्ची उठाकर उस पर दो मिनट अपने विचार प्रस्तुत करेगा। इसी के साथ अंग्रेजी के पैराग्राफ पढ़ने, घटनाओं के प्रस्तुतीकरण, प्रार्थना स्थल पर अंग्रेजी में कविता पाठ आदि का आयोजन किया जाएगा।
डीआईओएस सोमारू प्रधान ने बताया कि स्कूलों में जल्द ही इस लागू कराया जाएगा। अच्छा ज्ञान होने से हिंदी और अंग्रेजी मीडियम के बच्चों के बीच की दूरी भी समाप्त होगी।




