
सरस्वती शिशु मंदिर में गण पर्व पर हुए विविध कार्यक्रम 
महासमुन्द । मां समलेश्वरी बाल कल्याण समिति द्वारा संचालित स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली में गणतंत्र दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ । इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीवास्तव कपड़ा बाजार सरायपाली के संचालक श्री जयप्रकाश श्रीवास्तव रहे । मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण पश्चात शुभा नर्सिंग होम सरायपाली से डॉक्टर सुजाता पटेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम के प्रारंभिक बेला पर विद्या अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती, ब्रह्म स्वरूप ओम एवं जगत जननी भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं भारत माता आरती गान से कार्यक्रम का श्री गणेश किया गया। अतिथि परिचय एवं स्वागत गीत के पश्चात भैया बहनों के द्वारा विभिन्न प्रकार के विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए । जिसमें देशभक्ति गीत, छत्तीसगढ़ी लोक गीत – नृत्य, व्यायाम योग ,डंबल ,लेजियम, योग चाप, नुक्कड़ नाटक आदिअनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए ।जिसमें कक्षा द्वादश के भैया बहनों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक स्कूली जीवन मिट्टी से खड़े तक का सफर ने दर्शकों को भाव विभोर कर दिया तथा व्यायाम योग एवं लेजीयम ने उपस्थित दर्शकों को ताली बजाने के लिए मजबूर कर दिया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीवास्तव जी ने जहां राष्ट्रीय पर्व पर संबोधित करते हुए सभी को देश की शान को बचाने के लिए तथा देश की रक्षा के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया तथा शिशु मंदिर में दी जाने वाली शिक्षा एवं संस्कार की भूरी भूरी प्रशंसा की वहीं अध्यक्षता कर रही डॉक्टर पटेल ने भी उपस्थित जन समूहों को गणतंत्र भारत की रक्षा करने के लिए संकल्प लेने हेतु कहा ।
इस अवसर पर विद्यालय के बहनों द्वारा अनेकता में एकता से संबंधित नृत्य हाई स्कूल प्रांगण में आयोजित मुख्य समारोह में प्रस्तुत किया गया जिसमे सरस्वती शिशु मंदिर को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ । कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मुख्य अतिथि जयप्रकाश श्रीवास्तव ने जहां विद्यालय कार्यक्रमों को गति प्रदान करने के लिए एक माइक सेट प्रदान किया गया वहीं कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉक्टर सुजाता पटेल ने भी विद्यालय के विकास हेतु₹5000 तथा समस्त भैया बहनों के उत्साहवर्धन हेतु₹2000 प्रदान करने की घोषणा की गई। साथ ही साथ स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रखकर एक दिन उनकी ओर से चिकित्सा कैंप लगाने की भी घोषणा की गई।अंत में विद्यालय के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद अग्रवाल ने आभार प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रगीत – वंदे मातरम गान पश्चात प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम की समाप्ति हुई । उक्त कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के आचार्य त्रिलोचन कर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के व्यवस्थापक दीदी श्रीमती सरिता साहू, सहसचिव सत्यनारायण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष घासीराम अग्रवाल ,अध्यक्ष विष्णु प्रसाद अग्रवाल ,सदस्य महेश भोई,त्रिलोचन पटेल, युधिष्ठिर साहू सहित समिति के समस्त पदाधिकारी गण, प्राचार्य कामता प्रसाद साहू , प्रधानाचार्य रमेश प्रधान सहित समस्त आचार्य गण तथा दीदियों की उपस्थित और योगदान सराहनीय रहा।






