
बाइक समेत 20 फीट गहरी खाई में गिरा युवक, मौतः रातभर मदद के अभाव में दम तोड़ा, न्यामतखेड़ी पुलिया पर हुआ हादसा
पुलिया से 20 फीट गहरी खाई में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक रातभर घटनास्थल पर पड़ा रहा और मदद के अभाव में मौके पर ही दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह खेत में जा रही एक महिला ने राहगीर की बाइक रुकवाकर घटना की जानकारी दी। यह घटना रामगंजमंडी-धरनावद रोड स्थित न्यामतखेड़ी पुलिया पर सोमवार रात को हुई। जानकारी के अनुसार, झालावाड़ जिले के कालियाखेड़ी निवासी कुंदन जाट (40) सोमवार रात को न्यामतखेड़ी पुलिया से बाइक समेत नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार सुबह खेत जा रही एक महिला ने पुलिया के नीचे युवक और क्षतिग्रस्त बाइक को देखा। उसने एडवोकेट त्रिलोक कुमार की बाइक रुकवाकर पुलिया के नीचे पड़े शव के बारे में जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। सीआई मनोज सीकरवार ने बताया कि रात के अंधेरे में बाइक पुलिया से नीचे गिरने से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मृतक के कपड़ों से मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन के माध्यम से उसकी पहचान की। यह इस पुलिया पर 10 दिनों में दूसरा घातक हादसा है। इससे पहले 5 अप्रैल को चेचट के दो युवकों की बाइक पुलिया पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे को झालावाड़ रेफर किया गया था।






