
गोविंदपुर को मिली बड़ी सौगात, अब नहीं होगी बिजली संकट की समस्या
डबल सोर्स 33 केवी लाइन के खंभे की स्थापना का जेई और भाजपा नेता ने किया उद्घाटन
नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति मिलेगी। शनिवार को गोविंदपुर विद्युत उपकेंद्र में डबल सोर्स 33 केवी लाइन के लिए नए बिजली खंभे की स्थापना का कार्य शुरू हुआ। इस अवसर पर जूनियर इंजीनियर (जेई) भरत शर्मा एवं भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष सह विश्व सूत्री प्रखंड उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान कई बिजलीकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जेई भरत शर्मा ने बताया कि अभी तक गोविंदपुर पावर सबस्टेशन को केवल अकबरपुर से 33 केवी लाइन के माध्यम से बिजली आपूर्ति हो रही थी। यदि किसी कारणवश अकबरपुर लाइन में फॉल्ट आ जाता था, तो पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती थी। लेकिन अब नया 33 केवी लाइन बरेव पावर सबस्टेशन (पीएसएस) से भी जोड़ा जा रहा है। इससे यदि एक स्रोत में गड़बड़ी हो, तो दूसरे स्रोत से बिना रुकावट बिजली आपूर्ति जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि डबल सोर्स 33 केवी लाइन से अब गोविंदपुर प्रखंड के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की समस्या से काफी हद तक मुक्ति मिल जाएगी। बिजली विभाग के इस प्रयास से खेती-बाड़ी, छोटे उद्योग, व्यापार और घरेलू कार्यों में बड़ी सुविधा मिलेगी।
भाजपा प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता में गांव-गांव तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराना है। गोविंदपुर जैसे ग्रामीण क्षेत्र में डबल सोर्स से बिजली मिलने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य की सराहना भी की।
उद्घाटन कार्यक्रम में बिजली विभाग के कई अन्य पदाधिकारी, तकनीकी स्टाफ और स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने गोविंदपुर की बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए मिलकर सहयोग करने का संकल्प लिया।






