

डीडवाना-कुचामन जिले के
जिला कलक्टर श्री पुखराज सेन ने अधिकारियों को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का जिले में प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने अभियान की प्रगति एवं आगामी कार्य योजना की समीक्षा की।
बैठक में जिला कलक्टर श्री पुखराज सेन ने अधिकारियों को अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा आमजन को जोड़ने एवं जन जागरुकता बढ़ाने के निर्देश दिये। साथ ही, उन्होंने अधिकरियों को जल संरचनाओं की साफ-सफाई, पुनरद्धार के द्वारा जिले में भू जल स्तर बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने 5 से 20 जून तक चल रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में जिले में हो रही गतिविधियों का संधारण ठीक प्रकार से करने पर जोर दिया। साथ ही, स्वच्छता कार्यक्रम, श्रमदान, तथा हरियालों राजस्थान के तहत प्री प्लांटेशन की गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर श्री सेन ने जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को 24 जून से 9 जुलाई तक आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के संबंध में विभागवार व पंचायतवार कार्य योजना बनाकर सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने खाद्य सुरक्षा एवं पेंशन सत्यापन कार्य की प्रगति की समीक्षा कर लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने नशा मुक्ति अभियान के पोस्टर का किया विमोचन
मानसून पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर हो पूर्ण- जिला कलक्टर
उन्होंने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिले के सभी स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने, आमजन की भागीदारी बढ़ाने एवं सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने मानसून पूर्व तैयारी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बाढ़ नियंत्रण, राहत एवं बचाव के समस्त आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जिले में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हो इसे लेकर सतर्क रहने एवं सभी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखने की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को आपात स्थिति में घटनास्थल पर पहुंचने का रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम करते हुए प्रभावितों तक त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने सभी छोटे-बड़े नालों के सफाई कार्य को जल्द पूर्ण करने, सफाई के बाद सड़क पर जमा कचरा एवं गंदगी का उठाव करवाने, सीवरेज लाइन के खुले चैंबर, मेन होल पर ढक्कन एवं नालों पर फेरों कवर लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को लो लाइन एरिया को पूर्व में ही चिन्हित करने एवं जल भराव की स्थिति में प्रभावी कार्य योजना बनाने के लिए निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग को ढीले तारों को कसने, झुके बिजली के खंबों को सीधा करने, ट्रांसफार्मर को ऊचांई पर लगवाने एवं मानसून सीजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति करने पर जोर दिया।
जिला कलेक्टर ने रसद विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों समेत वीसी से जुड़े उपखंड अधिकारियों,अधिशासी अधिकारियों एवं विकास अधिकारियों को भी मानसून पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने किया नशा मुक्ति अभियान के पोस्टर का विमोचन
बैठक में जिला कलक्टर श्री पुखराज सेन ने जिले में नशा मुक्ति अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने जिले में बढ़ती नशे की वस्तुओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को जन जागरूकता के लिए कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डीडवाना महेंद्र मीणा,अतिरिक्त जिला कलक्टर कुचामन राकेश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा,नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे तथा सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े रहे।



