

डीडवाना-कुचामन, जिले में
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़े के तहत शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत ने जिले की डीडवाना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत दौलतपुरा, मौलासर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत निमोद एवं मकराना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जाखली में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया।
इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने शिविरों में किये जा रहे कार्यों,राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेकर अधिक से अधिक जन समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शिविर के दौरान विभिन्न काउंटरों पर जाकर आमजन की समस्या, समाधान एवं उन्हें राहत प्रदान करने के निर्देश वहां मौजूद कर्मचारियों को दिए।
उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं के निस्तारण के लिए भी निर्देश दिए।
इन शिविरों के माध्यम से राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, ऊर्जा, जलदाय, कृषि, वन, खाद्य, स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, सामाजिक न्याय व अन्य विभागों की जनोपयोगी सेवाएं आमजन तक पहुंचाई जा रही हैं।
इस अवसर पर जिला कलक्टर द्वारा ग्राम पंचायत दौलतपुरा व निमोद में पौधारोपण भी किया गया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार गुप्ता, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी सहित संबंधित तहसीलदार विकास अधिकारी एवं समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










