

वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़ संवाददाता श्री बंशीधर नगर अनुमंडल से सकेन्द्र बैठा की रिपोर्ट l
श्री बंशीधर नगर अनुमंडल अंतर्गत चित्तविश्राम पंचायत के ग्राम बरडीहा में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सक्रिय कुछ विचौलियों द्वारा इस योजना का लाभ वास्तविक पात्रों को न देकर अपात्रों को पहुंचाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों के घर आज भी कच्चे हैं, उन्हें योजना से वंचित कर दिया गया है। वहीं, जिनके पास पहले से पक्के मकान हैं, उन्हें फर्जी कागजातों के आधार पर योजना का लाभ दिलवाया जा रहा है। ये कार्य पूरी तरह से कुछ स्थानीय विचौलियों की मिलीभगत से किया जा रहा है, जो योजना में नाम जोड़ने और हटाने का खेल कर रहे हैं।
इस गंभीर गड़बड़ी को लेकर ग्राम बरडीहा निवासी अफरोज अंसारी ने श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा को एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया कि किस प्रकार पात्र लाभुकों को योजना से वंचित कर अपात्रों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
एसडीएम प्रभाकर मिर्धा ने आवेदन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का भरोसा दिलाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषी पाये जाने पर संबंधित विचौलियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और असली लाभुकों को उनका हक दिलाया जाएगा।
गांव के अन्य ग्रामीणों ने भी अफरोज अंसारी की मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर इस प्रकार की अनियमितताएं जारी रहीं तो सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना का मकसद ही विफल हो जाएगा।
अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है और वंचितों को उनका हक दिलवाता है।

