
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय अंतर्गत आने वाले सात मॉडल कॉलेजों और कुछ महिला व डिग्री कॉलेजों में स्नातक (यूजी) नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल को एक बार फिर से खोल दिया गया है। इस निर्णय से उन हजारों छात्रों को राहत मिली है, जो पूर्व निर्धारित समय सीमा में किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिन कॉलेजों में यह नामांकन प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की गई है उनमें डिग्री कॉलेज जरमुंडी, डिग्री कॉलेज नाला (फतेहपुर), डिग्री कॉलेज महगामा (गोड्डा), डिग्री कॉलेज महेशपुर, डिग्री कॉलेज शिकारीपाड़ा, महिला कॉलेज पाकुड़, महिला कॉलेज मधुपुर, महिला कॉलेज साहिबगंज, महिला कॉलेज सारठ, मॉडल कॉलेज राजमहल, मॉडल कॉलेज विजयपुर, मॉडल कॉलेज पाकुड़, मॉडल महाविद्यालय नावाडीह (पालाजोरी, देवघर) तथा मॉडल महाविद्यालय सुगाबथान (पोरैयाहाट, गोड्डा) शामिल हैं।
इन कॉलेजों में नामांकन के इच्छुक छात्र 15 जुलाई 2025 से चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ज्ञात हो कि अब तक विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में स्नातक नामांकन हेतु करीब 56,000 छात्रों ने चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया है।
पूर्व में बहुत से छात्रों द्वारा तकनीकी या अन्य कारणों से आवेदन नहीं किया जा सका था। लगातार छात्रों की ओर से नामांकन पोर्टल दोबारा खोलने की माँग की जा रही थी। छात्रों की इस माँग को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर के निर्देशानुसार नामांकन की सुविधा पुनः प्रदान की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उनके लिए कॉलेज स्तर पर पहली मेरिट सूची जारी कर नामांकन की प्रक्रिया आरंभ की जा चुकी है।

