
🚨 सहारनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ – गोगा माड़ी में पूजा-अर्चना, सरोवर का उद्घाटन और 381 करोड़ की 15 विकास योजनाओं का लोकार्पण
सहारनपुर – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर दौरे पर पहुंचे। सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद सीएम योगी सहारनपुर के गोगा माड़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने देवी के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में बने सरोवर का उद्घाटन किया और पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर, महापौर डॉ. अजय सिंह, कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सीएम योगी के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार अलर्ट पर रहे।
गोगा माड़ी कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी जनमंच प्रेक्षागृह पहुंचे, जहां वे सहारनपुर के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना और अन्य विकास कार्यक्रमों के तहत 381 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 15 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उन्हें सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर मंडल में विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी और हर नागरिक को सुरक्षा व सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय रहने की सलाह दी।
पूरे दौरे के दौरान पुलिस और प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – समृद्ध भारत समाचार पत्र / वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
उत्तर प्रदेश महासचिव – भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद
📞 8217554083