
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट
गाजीपुर।
जनपद में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। हालात का जायज़ा लेने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शुक्रवार को सेवराई तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने हसनपुरा, नसीरपुर, बिरऊपुर और मकदुमपुर गांवों में नाव से जाकर स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से उनका स्वास्थ्य लाभ जाना और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रभावितों को तत्काल राहत सामग्री, लंच पैकेट, तथा पशुओं के लिए चारा और भूसा उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में नावों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने बताया कि शाम तक गंगा नदी के जलस्तर में कमी आने की संभावना है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
जनपद की 5 तहसीलों के 57 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, जिनमें से 24 गांवों की आबादी बुरी तरह प्रभावित हुई है। सभी संबंधित उपजिलाधिकारियों को बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पूर्व में ही दिए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि गर्भवती महिलाओं की एक अलग सूची बनाई गई है, ताकि किसी आपात स्थिति में उन्हें प्राथमिकता दी जा सके। प्रशासन द्वारा बाढ़ शरणालय और बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 0548-2224041 या 9454417103 पर संपर्क कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी सेवराई लोकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी जमानियां, तहसीलदार सेवराई एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से यह अपील की गई है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।