
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़/समृद्ध भारत डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर चित्रसेन घृतलहरे(पेंड्रावन)सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 अगस्त 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को सारंगढ़ के शासकीय लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर 96 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 90 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद रहते हुए सारंगढ़ के लिए लंबे समय तक कार्य किया और अब मुख्यमंत्री के रूप में डेढ़ वर्षों से जिम्मेदारी को पूरे समर्पण के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है, साथ ही दो साल का बकाया बोनस 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपये दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 18 लाख पीएम आवास स्वीकृत हो चुके हैं और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे गांवों में राजमिस्त्री और सेंटरिंग प्लेट की कमी हो गई है। महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है। तेंदूपत्ता खरीदी के दाम बढ़ाए गए हैं तथा 5.62 लाख भूमिहीन मजदूरों को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राम लला दर्शन योजना के तहत अब तक 22 हजार श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को फिर से शुरू किया गया है, जिसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, परित्यक्ता और विधवा महिलाएं देशभर के 19 चिन्हित स्थलों पर निशुल्क यात्रा कर सकती हैं।
प्रदेश में नई उद्योग नीति से अब तक 6.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिसमें रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी जा रही है। पिछले डेढ़ वर्षों में विभिन्न विभागों में 10 हजार पदों पर भर्ती हुई है और 5 हजार शिक्षकों की भर्ती जल्द ही होने वाली है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा, सांसद श्री राधेश्याम राठिया, विधायक श्री किरण सिंह देव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। वक्ताओं ने कहा कि 186 करोड़ रुपये की सौगात से जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और जनसुविधाओं के क्षेत्र में अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।




