
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़/समृद्ध भारत डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर चित्रसेन घृतलहरे, 15 अगस्त 2025//सारंगढ़-बिलाईगढ़// जनपद पंचायत बिलाईगढ़ के अंतर्गत ग्राम तौलीडीह के पूर्व उपसरपंच रमेश कुमार जायसवाल को शिकायत वापस लेने के नाम पर ₹1 लाख की मांग, धमकी, जातिसूचक गालियां और लज्जा भंग करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला एससी/एसटी एक्ट समेत कई धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।थाना बिलाईगढ़ पुलिस के अनुसार, दिनांक 13 जून 2025 को एक महिला आवेदिका ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रमेश कुमार जायसवाल (41 वर्ष), जो पूर्व में ग्राम तौलीडीह का उपसरपंच रह चुका है, ने तत्कालीक सरपंच के खिलाफ अनियमितता की शिकायत जनपद पंचायत में की थी। इस मामले की जांच के लिए 11 जून को तहसीलदार बिलाईगढ़ की टीम गांव पहुंची थी।जांच पूरी कर टीम के लौटने के बाद, उसी दिन आरोपी ने महिला से शिकायत वापस लेने के बदले ₹1 लाख की मांग की और रकम न देने पर जेल भिजवाने की धमकी दी। आरोप है कि उसने जातिसूचक गालियां दीं, हाथ-बांह पकड़कर लज्जा भंग की और दीवार से धक्का देकर अपमानित किया।मामले में पुलिस ने प्रार्थिया और गवाहों के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 351(2), 308(2) एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना एसडीओपी विजय ठाकुर द्वारा की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




