
अवैध पिस्टल के साथ वीडियो वायरल, पुलिस ने पकड़ा, बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया

मुरैना। जिले में लाइसेंसी बंदूकों और रिवॉल्वरों से ज्यादा अवैध हथियार खुलेआम घूम रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि लोग इन हथियारों के साथ वीडियो-फोटो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने से भी नहीं चूक रहे।
ऐसा ही मामला दिमनी क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक युवक ने अवैध पिस्टल के साथ दो वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पहले वीडियो में युवक पिस्टल लहराते हुए चलता दिख रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में वह पिस्टल से एक-एक कर कारतूस गिराता नजर आ रहा है।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान रथौल का पुरा निवासी छोटू गुर्जर के रूप में हुई।
पुलिस ने पकड़ा और फिर छोड़ दिया
सूचना पर कार्रवाई करते हुए दिमनी पुलिस ने दो दिन पहले छोटू गुर्जर को पकड़ लिया। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि बिना किसी कार्रवाई के उसे छोड़ भी दिया गया।
दिमनी थाना एसआई सौरभ पुरी ने बताया कि वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है और इसमें दिख रही पिस्टल पुच्चो चौहान नामक व्यक्ति की है। पुच्चो चौहान अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्त है और हाल ही में हरियाणा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। ऐसे में छोटू गुर्जर के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं बनती।
इस मामले ने एक बार फिर मुरैना जिले में अवैध हथियारों के व्यापार और पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
✍️ रिपोर्टर: महेन्द्र सिंह लहरिया, मुरैना




