
महुली सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत महुली ग्राम पंचायत में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार का आशियाना छीन लिया। शनिवार की रात तेज बारिश के दौरान नंदकिशोर पुत्र स्वर्गीय झूलन राम कन्नौजिया का कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। सौभाग्य से परिवार के सभी सदस्य बगल के कमरे में सो रहे थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
नंदकिशोर ने बताया कि “रात में अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जब बाहर देखा तो पूरा मकान गिर रहा था। किसी तरह हम सब घर से बाहर निकले। मकान के अंदर रखा गेहूं, चावल, दाल और अन्य खाद्यान्न सब मलबे में दबकर खराब हो गया। हमारा यही एक घर था, अब सिर छुपाने के लिए भी जगह नहीं बची है।”
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि “यह बहुत दुखद घटना है। गरीब परिवार का पूरा आशियाना बारिश की वजह से ढह गया है। इसकी सूचना प्रशासन को दी जाएगी ताकि शासन स्तर से उन्हें आपदा राहत कोष से सहायता दिलाई जा सके।”
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को त्वरित आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण कई कच्चे मकान जर्जर हो चुके हैं, ऐसे में प्रशासन को प्रभावित परिवारों के सर्वे कराकर राहत सामग्री और आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध करानी चाहिए।
नंदकिशोर ने भावुक होकर कहा कि “अब हमारे पास न रहने को घर बचा, न खाने का सामान। सरकार से गुजारिश है कि हमारी मदद की जाए ताकि परिवार को दोबारा सिर छुपाने की छत मिल सके।”
लगातार हो रही बारिश ने गरीब परिवार की नींद उड़ा दी — एक ओर मकान गिरा, तो दूसरी ओर जिंदगी की बुनियादी ज़रूरतें मलबे में दफन हो गईं। अब सवाल यह है कि प्रशासन कब तक इस बेघर परिवार की सुध लेगा।








