
Vande Bharat Live TV News Ghazipur
गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगामी 11 अक्टूबर को भुडकुड़ा स्थित महंत रामाश्रय दास पीजी कॉलेज में आगमन प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर प्रशासन, कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार की दोपहर विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह चंचल ने कॉलेज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एमएलसी ने मठ के महंत शत्रुघ्न दास महाराज से मुलाकात कर कार्यक्रम स्थल व हेलीपैड की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के लिए सम्मान और गर्व का विषय है, इसलिए इसे ऐतिहासिक बनाने में सभी को पूरा सहयोग करना चाहिए।
महंत शत्रुघ्न दास महाराज ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मठ और क्षेत्र से पुराना लगाव रहा है। वे पहले भी यहां आ चुके हैं, लेकिन बतौर मुख्यमंत्री यह उनका पहला आगमन होगा। इसको लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महंत रामाश्रय दास पीजी कॉलेज के संस्थापक महंत की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसे शिक्षा जगत और जिले के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
तैयारी में उप जिलाधिकारी अतुल कुमार, खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अजय शुक्ला, उमाशंकर पांडेय, संतोष मिश्रा, अश्विनी सिंह, ग्राम प्रधान मदन राम, हल्का लेखपाल और सफाई कर्मी पूरी निष्ठा से जुटे हैं।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए हैं। वहीं स्थानीय जनता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत की तैयारियों में उत्साहपूर्वक लगी हुई है। यह दौरा क्षेत्र के विकास और शिक्षा जगत के लिए मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।








