
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर संवाददाता,
गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग की मेधावी छात्रा प्राची कश्यप को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया।
प्राची कश्यप ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। प्राची ने हाईस्कूल में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप किया है और कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कृत हो चुकी हैं।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने प्राची को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल बालिकाओं को बड़े सपने देखने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ सशक्त बनाना है।
प्राची कश्यप ने कहा कि एक दिन की जिलाधिकारी बनना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा, “प्रशासनिक पद पर बैठकर जनता की समस्याओं को सुनना और समाधान करना एक बड़ी जिम्मेदारी है।” इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार भी मौजूद रहे।
—
महिलाओं को सुरक्षा और हेल्पलाइन की जानकारी दी गई
मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत गुरुवार को थाना परिसर में महिलाओं को अभियान और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।
थाना निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है।
महिला आरक्षी अस्तुति सिंह और उपनिरीक्षक बालेंद्र यादव ने महिलाओं को मिशन शक्ति का पंपलेट वितरित कर अभियान की जानकारी दी और हेल्पलाइन नंबर साझा किए।











