
डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत के निर्देशन में डीडवाना-कुचामन जिला प्रशासन ने नवाचारों की कड़ी में
“सेफ आई, सेफ फ्यूचर” अभियान के रूप में एक और नवीन पहल की है।
जिले के राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की निशुल्क आँखों की जांच से जुड़े इस अभियान का शुभारंभ शनिवार को जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत के नेतृत्व में जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल के अत्यधिक उपयोग के कारण विद्यार्थी स्क्रीन पर अधिक समय बिताते है जिसका असर उनकी आँखों पर पड़ता हैं, जिससे विद्यार्थियों की आँखों की क्षमता प्रभावित होती हैं और इस कारण स्कूल में विद्यार्थियों को कक्षा में कम दिखाई देने,अस्पष्ट दिखने जैसी समस्यायें आती हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल के विद्यार्थी कई बार झिझक एवं शर्म के कारण उनकी आँखों से जुड़ी इन समस्याओं को बताते नहीं है।
जिला कलक्टर ने बताया कि विद्यार्थियों की इन सभी समस्याओं को ध्यान में रखकर अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं चिकित्सा विभाग के द्वारा चरणबद्ध रूप से जिले के 1385 राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 1 लाख 36 हजार 508 विद्यार्थियों की नि: शुल्क आँखों की जांच कर उपयुक्त क्षमता के चश्मे प्रदान किये जायेंगे।
अभियान के प्रथम चरण के तहत शिक्षकों के सहयोग से चिकित्सा विभाग द्वारा स्कूल में ही विद्यार्थियों की आँखों की जाँच कर विद्यार्थियों की छंटनी की जाएगी, इसके बाद दोबारा चिकित्सालय में नेत्र विशेषज्ञ के द्वारा आँखों की जांच की जायेगी और आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को आँखों की क्षमता के अनुरूप भामाशाहों के सहयोग से चश्मे प्रदान किये जायेंगे।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरेंद्र चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत जिला कलक्टर के निर्देशन में शिक्षा विभाग के सहयोग से विद्यालयों में विद्यार्थियों की आँखों की जांच का कार्य शुरु कर दिया गया है, साथ ही सभी ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा संस्थानों को भी अभियान के प्रभावी एवं सुचारु क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए है। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर कुचामन राकेश कुमार गुप्ता सहित सभी उपखंड अधिकारी एवं समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।







