

सबका साथ-सबका विकास की सोच के साथ हर वायदे को पूरा कर रही सरकार: कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
– प्रदेश सरकार का एक वर्ष पूर्ण होने पर पंचायत भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के लाभपात्रों को बांटे गए अलॉटमेंट लेटर
– कैबिनेट मंत्री ने प्रदेश सरकार की एक साल की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट का किया विमोचन
रिपोर्टर इन्द्र जीत
लोकेशन कालावाली
सिरसा, 17 अक्टूबर।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार संकल्प पत्र में शामिल हर वायदे को सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र के साथ पूरा कर रही है। एक साल में संकल्प पत्र में शामिल 46 संकल्प को सरकार पूरा कर चुकी है। जनहित में जो वायदे किए गए हैं उन्हें भी पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सरकार की दूसरी पारी का एक साल का कार्यकाल नायाब रहा है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शुक्रवार को स्थानीय पंचायत भवन में प्रदेश सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर जन विश्वास-जन विकास समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यातिथि द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 (फेज-द्वितीय) के लाभपात्रों को अलॉटमेंट लेटर वितरित किए गए तथा सरकार की एक साल की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट का विमोचन भी किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व सरकार ने इस अवधि के दौरान सबका साथ-सबका विकास की सोच के साथ काम किया है। सभी जिलों का समान रूप से विकास हो, गांवों-ढाणियों तक समान रूप से विकास किया जाए, पर लगातार काम कर रहे हैं। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक के उत्थान की सोच के साथ विकास की गति को आगे बढा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वायदे के अनुसार शपथ से पहले 24 हजार युवाओं को 17 अक्टूबर 2024 को नियुक्ति पत्र पहले दिए और शपथ बाद में ली।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बेहतरीन काम कर रही है, किडनी रोगियों को जिला स्तर पर अस्पताल में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी गई है। सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक का लाभ आयुष्मान योजना के तहत दिया है। किसानों के हित में कदम उठाते हुए 24 घंटे में फसल का मूल्य देने के साथ ही 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद करने वाली देश में पहली हरियाणा सरकार है। अब ई-एप्लीकेशन के माध्यम से किसान घर बैठे ही गेटपास ले सकता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों के लिए सेवा सुरक्षा का अध्यादेश लागू किया गया है, 58 साल तक रोजगार की गारंटी दी है। उन्होंने कहा कि एक बड़ा मुद्दा हरियाणा में पट्टेदारों को भूमि के मालिकाना हक का था। हरियाणा कृषि भूमि पट्टा विधेयक पारित करके पट्टेदार किसानों व भूमि मालिकों के बीच विश्वास का काम किया। नकली खाद, बीज व कीटनाशक बनाने व बेचने वालों को पांच साल की सजा देने का कानून बनाया। हरियाणा ग्राम शामलात भूमि अधिनियम में संशोधन करके पंचायती भूमि पर 500 वर्ग गज भूमि का स्वामित्व दिया गया।
उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के उद्यमियों को 25 लाख रुपये तक के ऋण की गारंटी सरकार ने दी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2025 को हिसार हवाई अड्डे से हवाई सेवाओं की शुरूआत की है। अब हिसार से अयोध्या, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए उड़ानें शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही जम्मू व अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू होगी। यमुनानगर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 8469 करोड़ रुपये की लागत से दीनबंधु छोटूराम थर्मल पावर प्लांट की तीसरी इकाई की नींव रखी है। कैबिनेट मंत्री ने धनतेरस, दिपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा त्यौहारों की बधाई भी दी। गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को शनिवार के दिन तहसीलें खुली रहेंगी। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के लाभपात्र इस दिन भी अपनी रजिस्ट्रियां करवा सकते हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र, जिलाध्यक्ष भाजपा सिरसा यतींद्र सिंह एडवोकेट, जिला अध्यक्ष भाजपा डबवाली रेणू शर्मा, नगर परिषद सिरसा चेयरमैन शांति स्वरूप, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, पूर्व विधायक रामचंद कंबोज, गोविंद कांडा, पूर्व चेयरमैन गुरदेव सिंह राही, वरिष्ठ भाजपा नेता अमीरचंद मेहता, हनुमान कुंडू, राजेंद्र सिंह देसूजोधा, चंद्र प्रकाश बोस्ती, रोहताश जांगड़ा, बलवान जांगड़ा, बलदेव सिंह मांगेआना, पार्षद सुमन शर्मा, नक्षत्र सिंह सहित गणमान्य लोग व लाभार्थी मौजूद रहे।






