
बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर इटवा तहसील क्षेत्र के विभिन्न घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने पवित्र नदियों और सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाई और सुख-समृद्धि की कामना के साथ पूजा-अर्चना की।

इस दौरान बिस्कोहर के परसोहन, खैरा खास, त्रिमोहनी घाट, महुआ, मेचकी, भिलौरा और भनवापुर ब्लॉक के गागापुर जैसे प्रमुख स्थानों पर विशेष आयोजन किए गए।श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद दान-पुण्य किया और मंदिरों में जलाभिषेक कर भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा।

बिस्कोहर नगर पंचायत के परसोहन घाट पर कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर गंगा आरती और रामाधुन के साथ अखंड पाठ का आयोजन हुआ। नगर पंचायत ने भव्य प्रकाश व्यवस्था की थी। खुनियांव विकास खंड स्थित खैरा खास, त्रिमोहानी घाट और अन्य स्थानों पर जगह-जगह मेले भी लगे।

मेले में बच्चों के लिए खिलौने, झूले और सर्कस आकर्षण का केंद्र रहे। पुरुषों और महिलाओं ने श्रृंगार, प्रसाधन, लाई, खाजा, मिठाई और खिलौनों की दुकानों पर खरीदारी की। कई स्थानों पर स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को चना, हलुआ और चाय का वितरण भी किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्रिलोकपुर, कठेला और मिश्रौलिया थाना पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रही। परसोहन घाट पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों का नेतृत्व चेयरमैन अजय गुप्ता ने किया, जिसके बाद भंडारे का भी आयोजन किया गया।



