
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा श्री बंशीधर नगर एनएच-75 से गरबांध होते हुए रोहनिया पीडब्ल्यूडी पथ तक 64 करोड़ की लागत से बन रही सड़क के मार्ग परिवर्तन को लेकर गरबांध। गांव में विवाद गहरा गया है। शनिवार को ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि राजा तालाब पूरे गांव का एकमात्र जलस्रोत है, जिससे पशुओं से लेकर लोगों तक सभी की पानी की आवश्यकता पूरी होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक कंपनी तालाब के ऊपर से सड़क बनाकर उसके अस्तित्व को मिटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव के समक्ष रखा गया था। विधायक ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त तथा पीडब्ल्यूडी के वरीय अधिकारियों को राजा तालाब से हटकर खरवार टोला की ओर सड़क निर्माण करने का निर्देश दिया था।
ग्रामीणों का कहना है कि विधायक के स्पष्ट निर्देश के बावजूद संवेदक कंपनी तालाब में मिट्टी भरकर सड़क निर्माण का प्रयास कर रही है, जिसके विरोध में लोगों ने एकजुट होकर कार्य रुकवा दिया।
विरोध करने वालों में लालमोहन यादव, उपेंद्र प्रसाद, अशोक यादव, विगन चंद्रवंशी, भगवान सिंह चंद्रवंशी, रघुनाथ पासवान, गोविंद पासवान, हिरा गुप्ता, रमेश पासवान, सुनील यादव, धर्मेंद्र गुप्ता, अमर सिंह, कोदू सिंह, लखन सिंह, सूरज सिंह, ललन प्रसाद गुप्ता, तपसारी खरवार, कलू खरवार, धर्मेंद्र चंद्रवंशी, लक्ष्मण सिंह खरवार, जगत सिंह, विनय चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।












