
Sonbhdara news:विंढमगंज में उमड़ा जनजातीय आस्था का समुंदर, गगनभेदी नारों के बीच बिरसा संदेश रथ यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत
विंढमगंज में उमड़ा जनजातीय आस्था का समुंदर, गगनभेदी नारों के बीच बिरसा संदेश रथ यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत
विंढमगंज, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_जनजातीय संस्कृति की अद्भुत छटा और परंपरागत उल्लास के बीच बिरसा संदेश रथ यात्रा बुधवार सुबह झारखंड बॉर्डर पार करते ही विंढमगंज में प्रवेश कर गई। आगमन के साथ ही क्षेत्र ढोल-नगाड़ों, परंपरागत नृत्य, और “भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें” के जयघोष से गूंज उठा। एबीवीपी के अमन कुमार जायसवाल व दर्जनों युवाओं ने रथ यात्रा का भव्य, उत्साही और अविस्मरणीय स्वागत किया।
एबीवीपी नेता अमन कुमार जायसवाल ने संबोधित करते हुए बताया कि झारखंड और देश में स्वतंत्रता आंदोलन की पहली क्रांति की मशाल जनजातीय नायकों ने ही जलाई थी। अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध आरंभिक विद्रोहों में आदिवासी समाज अग्रिम पंक्ति में रहा। भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में समाज को अपनी मिट्टी, संस्कृति, वन-अस्मिता और परंपरा से जुड़े रहने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनजातीय क्षेत्रों में धार्मिक व सांस्कृतिक विघटन की चुनौतियाँ बढ़ रही हैं, जिनसे निपटने के लिए समाज का जागरूक और संगठित होना अनिवार्य है।
भाजपा नेता रामनरेश पासवान ने कहा कि स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना की राह भगवान बिरसा मुंडा ने ही प्रशस्त की। आज आदिवासी समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान के संकट से जूझ रहा है, ऐसे में एकजुट होकर सांस्कृतिक रक्षा का संकल्प लेना समय की मांग है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि एबीवीपी कार्यकर्ता बिरसा मुंडा के विचार—शराबबंदी, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव, जनजागरण और परिवार प्रबोधन—को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समुदाय नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की प्रेरणा हैं।
इसके पश्चात रथ यात्रा रांची–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जनजातीय झांकियों और गगनभेदी नारों के बीच आगे बढ़ी। हलवाई चौक, सुभाष तिराहा, काली मंदिर और माँ सीता मंदिर होते हुए रथ यात्रा का काफिला विंढमगंज की गलियों से गुजरते ही जनजातीय संस्कृति के रंग में रंग गया। सैकड़ों लोगों ने हाथों में झंडे व पारंपरिक परिधानों के साथ यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद रथ यात्रा दुद्धी की ओर रवाना हो गई।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी उर्फ बुल्लू केसरी, संजय गुप्ता, लक्ष्मण मौर्य, ओमप्रकाश रावत, ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान, राजेश रावत, राजू रंजन तिवारी, आनंद दुबे, लग्न उरांव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।













