
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती केवल एक ऐतिहासिक स्मृति दिवस नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता, अखंडता और युवाओं में देशभक्ति की ऊर्जा का प्रतीक है। पटेल की विरासत हमें यह संदेश देती है कि देश तभी प्रगति कर सकता है, जब समाज का हर वर्ग एक सूत्र में बंधकर आगे बढ़े। इसी भावना को पुष्ट करने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की संस्था माय भारत द्वारा पूरे देश में “सरदार@150” कार्यक्रम श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में लहेरियासराय के ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह ने सांस्कृतिक धरा और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद गोपाल जी ठाकुर व विशिष्ट अतिथि विधायक मुरारी मोहन झा एवं जिला खेल पदाधिकारी की मौजूदगी ने इस आयोजन की गरिमा बढ़ाई। यूनिटी मार्च रैली कर्पूरी चौक से लहेरियासराय तक एकता का सशक्त संदेश लेकर गुजरी।
समारोह का मुख्य आकर्षण निरालाज स्टाइल ऑफ डांस द्वारा निर्देशक निराला महाराज के नेतृत्व में दी गई प्रस्तुति रही। झिझिया, जाट-जट्टिन और कजरी नृत्यों के माध्यम से मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को उत्कृष्ट रूप से मंचित किया गया, जिसने दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।
आज जब देश अनेक सामाजिक और वैचारिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने व राष्ट्र निर्माण की राह में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। सरदार पटेल की एकता की भावना ही आज के भारत की सबसे बड़ी ताकत है, और यह आयोजन उसी विचार को नई ऊंचाई प्रदान करता है।




















