A2Z सभी खबर सभी जिले की

बलौदाबाजार आगजनी–तोड़फोड़ कांड में बड़ा खुलासा, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के दो बड़े पदाधिकारी गिरफ्तार

बलौदाबाजार आगजनी–तोड़फोड़ कांड में बड़ी कार्रवाई,

बलौदाबाजार।
जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में घटित तोड़फोड़ एवं आगजनी की गंभीर घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से जुड़े दो प्रमुख पदाधिकारियों की गिरफ्तारी को प्रशासन ने बड़ी सफलता माना है।
जिला बलौदाबाजार–भाटापारा पुलिस द्वारा दिनांक 10–11 जनवरी 2026 को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के सह सचिव दिनेश कुमार वर्मा उर्फ मंडल को रायपुर से हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 378/2024 के अंतर्गत की गई है, जो बलौदाबाजार में घटित तोड़फोड़ एवं आगजनी की गंभीर घटना से संबंधित है। यह मामला सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान, कानून व्यवस्था भंग करने तथा हिंसक गतिविधियों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच
पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों की भूमिका केवल इसी एक प्रकरण तक सीमित नहीं हो सकती। बलौदाबाजार आगजनी एवं तोड़फोड़ से जुड़े अन्य पंजीबद्ध मामलों में भी उनकी संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि और ठोस साक्ष्य सामने आते हैं, तो आगे और खुलासे होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।
198 तक पहुंची गिरफ्तारियों की संख्या
उल्लेखनीय है कि बलौदाबाजार में हुई इस हिंसक घटना को लेकर पुलिस द्वारा अब तक कुल 198 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से यह स्पष्ट है कि प्रशासन इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शने के मूड में नहीं है और कानून व्यवस्था को सख्ती से कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. अजय यादव
पिता – रामकुमार
उम्र – 51 वर्ष
निवासी – धरमनगर, पचपेड़ी नाका, रायपुर
जिला – रायपुर
2. दिनेश कुमार वर्मा उर्फ मंडल
पिता – चैतराम
उम्र – 51 वर्ष
निवासी – दुबे कॉलोनी, रायपुर
जिला – रायपुर
पुलिस का सख्त संदेश
इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने, हिंसा फैलाने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। चाहे आरोपी किसी भी संगठन या राजनीतिक दल से जुड़ा क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है।
बलौदाबाजार आगजनी–तोड़फोड़ प्रकरण में आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!