
26 जनवरी को नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड में आयोजित होगा। एसडीएम जगदीश चंद्र
नरवाना 19 जनवरी उपमंडल स्तर पर हर वर्ष की भांति गणतंत्र दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम 26 जनवरी को नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड में आयोजित होगा। एसडीएम जगदीश चंद्र ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उक्त जानकारी दी। इस दौरान डीएसपी कमलदीप राणा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। एसडीएम जगदीश चंद्र ने सभी अधिकारियों को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां एवं प्रबंध समय पर मुकम्मल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह पूर्ण रूप से गरिमा पूर्वक तरीके से संपन्न हो इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी निष्ठा पूर्वक निभाए। एसडीएम ने कहा कि समारोह में पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, कॉलेज, आईटीआई एवं स्काउट्स की टुकड़ियों को परेड में शामिल किया जाए और इनकी रिहर्सल पुलिस सहायक अधीक्षक द्वारा नियुक्त परेड कमांडर की देखरेख में होनी चाहिए। एसडीएम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की टीमों के चयन के लिए भी तहसीलदार, सीडीपीओ, बीईओ, प्राचार्य महिला कॉलेज इत्यादि अधिकारियों की जिम्मेदारी लगाई। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक टीम ज्यादा से ज्यादा छ हो और इस बात का भी पूरा ख्याल रखा जाए कि सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सामाजिक उपदेश, राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो। एसडीएम ने आगे बताया कि समारोह में सरकार द्वारा क्रियान्वित जनकल्याणकारी नीतियों को प्रदर्शित करती हुई झांकियां भी शामिल की जाए। इनमें स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग, आईटीआई और पशुपालन विभाग को अवश्य शामिल किया जाए। एसडीएम जगदीश चंद्र ने नगर परिषद के अधिकारियों को शहर में स्थापित देश भक्तों की सभी प्रतिमाओं एवं शहीदी स्मारक की साफ.सफाई, रंग रोगन की जिम्मेदारी लगाई। इसी प्रकार जीप व राष्ट्रीय झंडा का प्रबंध पुलिस विभाग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीमों को लाने ले जाने की जिम्मेदारी बीईओ की रहेगी। एसडीएम ने समारोह स्थल पर बिजली, जनरेटर, एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड की सेवाएं सुनिश्चित रखने के लिए सम्बंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल करवाई जाएगी
। इस दौरान एसडीएम जगदीश चंद्र ने उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर में जनसमस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को उनका यथाउचित समाधान करने के निर्देश भी दिये।
बैठक में तहसीलदार निखिल सिंगला, नायब तहसीलदार रणबीर सिंह, बीडीपीओ तरुण सुथार, बीईओ सरोज देवी, एसडीओ बिजली विभाग दीपक नैन, सचिव नगर परिषद संदीप कुमार, सचिव मार्केट कमेटी पूजा रत्वय, जेई जनस्वास्थ्य विभाग कुशल पाल, आईटीआई प्राचार्य ओमपाल, आरएफओ अश्वनी कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











