A2Z सभी खबर सभी जिले की

गणतंत्र दिवस को लेकर कैमुर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

 

गणतंत्र दिवस–2026 की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में की गई समीक्षा बैठक

 

जिला पदाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफल तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह को अनुशासित, भव्य एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने हेतु विस्तृत कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर पूर्व निर्धारित समयानुसार झंडोत्तोलन किया जाएगा, जबकि मुख्य समारोह जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में होगा। सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों को अपने-अपने परिसर में झंडोत्तोलन आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

 

गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो पटेल चौक से प्रातः 6:30 बजे प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कैमूर स्तंभ तक पहुँचेगी। विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन एवं समन्वय की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग एवं पुलिस प्रशासन को सौंपी गई।

 

इस वर्ष भी विभिन्न विभागों द्वारा विकासपरक एवं सामाजिक विषयों पर आधारित झांकियाँ, परेड प्रदर्शन तथा खेलकूद प्रतियोगिता (फुटबॉल मैच) के आयोजन का निर्णय लिया गया, जिससे युवाओं में उत्साह एवं देशभक्ति की भावना का संचार हो।

 

समारोह के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

 

मुख्य समारोह स्थल, परेड ग्राउंड, स्मारकों एवं शहर के प्रमुख मार्गों की विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आकर्षक सजावट कराने का निर्देश नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को दिया गया। नगर परिषद को सार्वजनिक स्थलों की नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश भी दिया गया।

इसके अतिरिक्त, जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम जिला स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया।

 

जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, जिसे पूर्ण अनुशासन, समन्वय एवं जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा। सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं।

 

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Back to top button
error: Content is protected !!