

ऋण कैंप में 11 उद्यमियों को मिली 78 लाख रुपये की ऋण स्वीकृति
कैमूर जिले के उद्यमियों को स्वावलंबी बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज मुण्डेश्वरी सभागार, भभुआ में एक विशेष ऋण कैंप का आयोजन किया गया। उप विकास आयुक्त (DDC) महोदया की अध्यक्षता में आयोजित इस कैंप में उद्योग विभाग की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत ऋण आवेदनों की स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई।
कैंप के दौरान विभिन्न बैंकों ने कुल 11 आवेदनों को मंजूरी देते हुए 78 लाख रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP): इस योजना के तहत 4 आवेदकों को कुल 30 लाख रुपये के ऋण की स्वीकृति दी गई।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME): खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूती देने के लिए 7 आवेदनों पर कुल 48 लाख रुपये की ऋण स्वीकृति प्रदान की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में संयुक्त सचिव (उद्योग विभाग), वरीय उप समाहर्त्ता (बैंकिंग), जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक, जिला अग्रणी प्रबंधक (पंजाब नेशनल बैंक), और बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित सभी बैंकों के जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त महोदया ने बैंकों को निदेश देते हुए कहा कि वित्तिय वर्ष की समाप्ति (31 मार्च) से पहले निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन और ऋण वितरण में तेजी लाने को कहा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)


