

बेगु / जयपुर । स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सैल्यूट तिरंगा राजस्थान की ओर से 14 एवं 15 अगस्त को जयपुर में विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति एवं राष्ट्रहित से जुड़े अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में संगठन के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे।
सैल्यूट तिरंगा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदनमोहन पालीवाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का पर्व है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जयपुर में दो दिवसीय विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के दौरान तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम, ध्वजारोहण, देशभक्ति गीतों सहित राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
डॉ. पालीवाल ने कहा कि तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेशभर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में सहभागिता कर स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम के उत्सव के रूप में मनाएं।



