
हाथरस पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शुक्रवार को आकाश इंस्टीट्यूट का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए निशन शक्ति अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने
महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन और पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की। संवाद के दौरान उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर देते हुए युवाओं को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पिन, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस से
शिकायत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं पुलिस की विभिन्न सेवाओं से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से उनके करियर और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे और गलत संगति से दूर रहने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्णक उपयोग करने तथा अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास और समाजहित के कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक अच्छा नागरिक बनना ही वास्तविक सफलता है। महिलाओं और बुजुर्गों का सम्मान, कानून का पालन तथा जरूरतमंदों की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ब्यूरो चीफ



