


पांढुर्णा जिले के पिपला क्षेत्र के छिंदवानी गांव में गुरुवार शाम अचानक लगी आग से एक किसान की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 5 एकड़ में लगी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार यह घटना किसान अंगद हटेकर के खेत में हुई। खेत में आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग फैलने के दौरान खेत में रखे लगभग 100 पाइप भी जलकर खराब हो गए।
ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण पूरी फसल बचाई नहीं जा सकी। किसान ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।
मध्यप्रदेश में इन दिनों खेतों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।







