साइबर सेल थाना चौक की बड़ी सफलता, साइबर ठगी के शिकार युवक के ₹14,172 कराए वापस –
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने की दिशा में थाना चौक की साइबर सेल को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
थाना चौक क्षेत्र के पिपरा सोनाड़ी निवासी कमलेश कुमार पटेल साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थाना चौक की साइबर सेल ने एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की।
पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में ₹14,172 की ठगी गई धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने महराजगंज पुलिस का आभार व्यक्त किया।
धनराशि वापस कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंकित कुमार राय, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रिया सिंह एवं कांस्टेबल विशाल प्रजापति शामिल रहे।
महराजगंज पुलिस की अपील-
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन से सतर्क रहें। यदि कोई साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें।