
विद्यालय की छत पर गिरा महुआ का विशालकाय पेड़
अवकाश होने से टला बड़ा हादसा, विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
विंढमगंज, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विंढमगंज थाना क्षेत्र के धरती डोलवा स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय परिसर में स्थित महुआ का विशालकाय पेड़ अचानक विद्यालय भवन की छत पर गिर पड़ा, जिससे भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। संयोगवश घटना के समय विद्यालय में अवकाश होने के कारण छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। 
शनिवार सुबह जब विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका धनेश्वरी विद्यालय पहुंचीं, तो उन्होंने विद्यालय भवन की छत पर विशाल महुआ का पेड़ गिरा देखा। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान को सूचना दी तथा शिक्षा विभाग के संबंधित उच्च अधिकारियों को भी पूरे मामले से अवगत कराया।
पेड़ गिरने से विद्यालय भवन की छत को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह घटना विद्यालय संचालन के दौरान होती, तो कई मासूम बच्चों और शिक्षकों की जान जोखिम में पड़ सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
विद्यालय प्रशासन ने संबंधित विभाग से मांग की है कि गिरे हुए पेड़ को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि विद्यालय का संचालन सुरक्षित रूप से शुरू किया जा सके। साथ ही परिसर में मौजूद अन्य पुराने एवं जर्जर पेड़ों का भी तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्थानीय लोगों ने भी शिक्षा विभाग और प्रशासन से विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने तथा बरसात के मौसम में जर्जर पेड़ों की समय-समय पर जांच कराने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

















