उत्तर प्रदेशसोनभद्र

ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने खिलाड़ियों को भेंट की फुटबॉल

महुली के मैदान से तैयार होंगे फुटबॉल के नए सितारे

7 / 100 SEO Score

महुली/दुद्धी, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
दुद्धी विकास खंड के महुली स्थित ऐतिहासिक श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान शनिवार की सायंकाल खेल भावना और उत्साह से सराबोर नजर आया। ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने क्षेत्र के उभरते फुटबॉल खिलाड़ियों की प्रतिभा को नई उड़ान देने के उद्देश्य से खिलाड़ियों को नई फुटबॉल भेंट कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत नियमित अभ्यास सत्र का शुभारंभ कराया। इस प्रेरणादायी पहल से खिलाड़ियों में नया जोश, आत्मविश्वास और ऊर्जा देखने को मिली।IMG 20260711 WA0052
शुभारंभ अवसर पर ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने कहा कि महुली की धरती खेल प्रतिभाओं की जन्मभूमि रही है। यहां के खिलाड़ियों ने समय-समय पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यदि उन्हें बेहतर संसाधन, नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन मिले तो वे जिले ही नहीं, प्रदेश और देश स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के प्रति अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।IMG 20260711 WA0050
पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही खिलाड़ियों ने मैदान में फुटबॉल के साथ अभ्यास शुरू किया, पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार पासिंग, ड्रिब्लिंग, फिटनेस अभ्यास और टीम समन्वय का शानदार प्रदर्शन किया। युवा खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उनका कहना था कि नई फुटबॉल और ग्राम प्रधान के प्रोत्साहन से उनमें प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास और भी मजबूत हुआ है।
आरबीएस क्लब महुली के कप्तान शिवकुमार सिंह ने कहा कि यह पहल खिलाड़ियों के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं है। इससे टीम का मनोबल बढ़ेगा और सभी खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर आगामी फुटबॉल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।IMG 20260711 WA0051
कार्यक्रम में अंकित कुमार, सूरज कुमार सहित आरबीएस क्लब महुली के दर्जनों खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी खिलाड़ियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे खेल भावना, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर महुली का नाम जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर रोशन करेंगे।
महुली के खेल प्रेमियों ने ग्राम प्रधान की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार खिलाड़ियों को लगातार सहयोग मिलता रहा तो आने वाले समय में महुली खेल प्रतिभाओं का मजबूत केंद्र बनकर उभरेगा और यहां से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। ग्राम प्रधान की इस पहल से पूरे क्षेत्र में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है तथा युवाओं में फुटबॉल के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!