A2Z सभी खबर सभी जिले की

आगामी त्यौहारों को देखते हुए शांति समिति की बैठक सम्पन्न

सागर/वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना गोपालगंज परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा विभिन्न आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने हेतु आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार सागर संदीप तिवारी, थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा, नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधिगण, शिव बारात आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण, पत्रकार बंधु, विभिन्न धर्मों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक एवं धर्म प्रवक्ता गण की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक को संबोधित करते हुए तहसीलदार महोदय एवं थाना प्रभारी ने कहा कि सभी त्यौहार हमारी सांस्कृतिक एकता और भाईचारे के प्रतीक हैं, जिन्हें आपसी प्रेम, सौहार्द एवं अनुशासन के साथ मनाया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की विशेष समझाइश दी गई। डीजे संचालन के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि केवल त्यौहार से संबंधित एवं मर्यादित गीत ही बजाए जाएं। किसी भी धर्म, समुदाय या व्यक्ति विशेष के विरुद्ध टिप्पणी, आपत्तिजनक नारेबाजी अथवा भड़काऊ गतिविधियों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जुलूसों के दौरान मार्ग अनुशासन, यातायात व्यवस्था एवं अन्य धर्मस्थलों के सामने अनावश्यक रुकने से परहेज करने के निर्देश दिए गए। आयोजन समितियों को अपने स्वयंसेवक (वालंटियर) नियुक्त कर उन्हें पहचान हेतु रिबन/बैज उपलब्ध कराने तथा पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने हेतु कहा गया। थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा द्वारा स्पष्ट किया गया कि शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी तथा किसी भी असामाजिक गतिविधि पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। आगामी त्यौहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी एवं निरंतर पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित नागरिकों एवं आयोजन समितियों द्वारा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा नगर की गंगा-जमुनी परंपरा एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।थाना गोपालगंज पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-विरुद्ध कृत्य की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!