भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के चयन से उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनके नेतृत्व में प्रदेश भाजपा की नई संगठनात्मक टीम के गठन से लेकर आगामी चुनावों की रणनीति तक में अहम फैसले लिए जाएंगे। पंचायत चुनाव, राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव तक नितिन नबीन की भूमिका निर्णायक मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यूपी जैसे बड़े और अहम राज्य में संगठन को संतुलित रखना और सभी गुटों को साथ लेकर चलना उनके लिए बड़ी अग्निपरीक्षा होगी। साथ ही, टिकट वितरण, चुनावी रणनीति और जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर होगी।
भाजपा नेताओं के सामने नितिन नबीन के लिए खुद को प्रभावी संगठनकर्ता के रूप में साबित करने की चुनौती होगी। आने वाले महीनों में उनके फैसले यूपी की सियासी दिशा तय कर सकते हैं।