पंचायत सहायक भर्ती में गड़बड़ी का आरोप, जिलाधिकारी से की गई शिकायत
जनपद के आलापुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मंझनपुर/मूसेपुर ग्राम सभा के पंचायत सहायक भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने पंचायत सहायक पद पर नियुक्ति में धांधली किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी महोदय को शिकायती पत्र सौंपा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत सहायक भर्ती के लिए विभाग की ओर से जारी आवेदन प्रक्रिया के दौरान पूर्व प्रधान से जुड़े व्यक्ति को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि एक अभ्यर्थी का आवेदन पंचायत भवन पर पहचान के दौरान संदिग्ध तरीके से नष्ट कर दिया गया, जिससे वह चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति पर पहले से गंभीर आरोप दर्ज हैं और उसके विरुद्ध न्यायालय में वाद भी लंबित है। इसके बावजूद प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे पंचायत सहायक पद पर चयनित कराने की कोशिश की जा रही है, जिससे गांव में रोष व्याप्त है।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पंचायत भवन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में जिलाधिकारी महोदय से निष्पक्ष जांच कर न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग की गई है, ताकि ग्राम पंचायत में शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।और भी हो सकते है खुलासे















