
निवाड़ी। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत फाइलेरिया रोधी सामूहिक दवा सेवन (MDA) अभियान वर्ष 2026 का आयोजन जिले में 10 से 24 फरवरी तक किया जाएगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा हेतु कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा विभागीय समन्वय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दवा वितरण, सेवन एवं निगरानी की प्रक्रिया फील्ड स्तर पर पारदर्शी और प्रभावी होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि निवाड़ी ब्लॉक अंतर्गत सभी पात्र नागरिकों को (2 वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर बीमार व्यक्तियों को छोड़कर) फाइलेरिया रोधी दवा DEC एवं एल्बेंडाजॉल का सेवन अनिवार्य रूप से कराया जाए। जिन क्षेत्रों में संक्रमण की दर अधिक है, वहां विशेष स्वच्छता अभियान एवं फॉगिंग गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा, राजस्व एवं पंचायत विभाग को निर्देशित किया कि छात्रावासों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को फाइलेरिया जैसे असाध्य रोग से बचाव के लिए प्रेरित किया जाए।
अभियान की रूपरेखा (10 से 24 फरवरी 2026)
जिला मलेरिया अधिकारी श्री हरि मोहन रावत ने जानकारी दी कि अभियान को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा—
प्रथम चरण (03 दिवस): बूथ स्तर पर दवा सेवन
द्वितीय चरण (06 दिवस): स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर दवा सेवन
तृतीय चरण (03 दिवस): छूटे हुए व्यक्तियों हेतु मॉप-अप राउंड
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोहन सक्सेना, एसडीएम सुश्री मनीषा जैन, एसडीएम अशोक सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, सुश्री स्वाति सिंह, राज्य समन्वयक (WHO फाइलेरिया) डॉ देवेन्द्र सिंह तोमर, सीएमएचओ डॉ अनिल झमनानी, जिला मलेरिया अधिकारी सहित जिला स्वास्थ्य टीम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







