
हरिद्वार। पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 राजीव गांधी की जयंती पर ओबीसी विभाग, हरिद्वार के संयोजन में आज मध्य हरिद्वार स्थित कार्यालय पर कांग्रेसजनों ने स्व0 राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के युवा केंद्रित विचारों, शिक्षा, आधुनिकीकरण और तकनीक में दिए गए उनके योगदान को याद किया और उनकी विरासत का उल्लेख किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि स्व0 राजीव गांधी को देश को 21वीं सदी के लिए तैयार करने वाले दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया जाता है। उनका योगदान केवल तकनीक तक सीमित नहीं था बल्कि उनके कार्यकाल में युवा मताधिकार, पंचायती राज, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, शांति और प्रशासनिक आधुनिकीकरण तक अनेक दूरगामी पहल हुईं।
स्व0 राजीव गांधी सरकार ने मतदान की उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की जिससे 61वें संविधान संशोधन के जरिए करोड़ों युवाओं को सीधे लोकतंत्र में भागीदारी का अधिकार मिला। यह युवाओं की शक्ति और समझ पर उनके भरोसे का ऐतिहासिक फैसला था।
स्व0 राजीव गांधी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 के माध्यम से शिक्षा में गुणवत्ता, विज्ञान और आधुनिकता पर जोर दिया। इसी दौर में जवाहर नवोदय विद्यालयों की शुरुआत हुई, जिससे ग्रामीण प्रतिभाशाली बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा के नए अवसर खुले।
उन्होंने बताया कि जिस दौर में कंप्यूटर को लेकर आशंकाएं थीं, राजीव गांधी ने भारत को तकनीक से दूर रखने के बजाय उसके लिए तैयार किया। रेलवे आरक्षण और सरकारी व्यवस्थाओं में कंप्यूटरीकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर क्षेत्र को प्रोत्साहन तथा प्रशासन में नई तकनीक के प्रयोग ने आधुनिक भारत की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रद्धांजलि सभा में सोम त्यागी, मनोज सैनी, विकास चंद्रा, अक्षय नागपाल, नन्द लाल यादव, अमित अवस्थी, जावेद आलम, विवेक त्यागी, रजत त्यागी, आनंद राठौड़, शिवम वाल्मीकि, राजबीर सैनी, सूर्या, जवाहर चावला, कमल सैनी, सोमपाल आदि कई लोग उपस्थित थे।







