
6 फरवरी को परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम, जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किये निर्देश
खरगोन 05 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ परीक्षा के तनाव को दूर करने के लिए संवाद करने हेतु लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का आयोजन 06 फरवरी 2026 को किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री शैलेंद्र कानुड़े ने बताया कि कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशन में खरगोन जिले में भी परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम समस्त शासकीय और शासकीय विद्यालयों में शासन आदेश अनुसार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम 6 फरवरी को प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगा। इसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन, यूट्यूब, फेसबुक लाइव और विभिन्न शैक्षणिक चैनलों के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए बड़ी स्क्रीन अथवा टेलीविजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की संभावना है, वहां जनरेटर अथवा अन्य वैकल्पिक संसाधनों का प्रबंध करने को कहा गया है, ताकि विद्यार्थी बिना किसी व्यवधान के कार्यक्रम देख सकें।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री कानुड़े ने शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य को निर्देशित किया है कि इस कार्यक्रम को केवल एक संवाद न मानकर एक ‘महोत्सव’ की तरह मनायें, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों की सहभागिता भी अनिवार्य हो। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों के मन से परीक्षा का भय निकलवाना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित करना है।






