

सागर/वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * सागर संभाग के आयुक्त अनिल सुचारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD), एनएचएआई और सेतु निगम सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक का मुख्य उद्देश्य संभाग में चल रहे भवन निर्माण, ब्रिज और सड़क कार्यों की प्रगति का जायजा लेना और आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना रहा। संभाग आयुक्त अनिल सुचारी ने निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि संभाग में सभी ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) चिह्नित किए जाएं और वहां आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। यहां स्पीड ब्रेकर, मिरर, साइनेज आदि का उचित प्रयोग करें। सुचारी ने पुराने लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त संभाग आयुक्त ने अधिकारियों से उन प्रकरणों की सूची मांगी है जो जमीन आवंटन (Land Allocation) न होने के कारण रुके हुए हैं, ताकि प्रशासन स्तर पर उनका निराकरण किया जा सके। निर्माण और रेस्टोरेशन साथ-साथ: उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के साथ-साथ रेस्टोरेशन (Restoration) का कार्य भी समानांतर चलना चाहिए। सड़क खोदने के बाद उसे उसी हाल में न छोड़ा जाए। जनता की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए आयुक्त ने कहा कि सड़कों के गड्ढे तुरंत भरे जाएं ताकि आवागमन सुगम हो और लोगों को राहत मिले। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण एजेंसियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्माण के कारण आम जनता को असुविधा न हो। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास राजेश शुक्ला सहित लोक निर्माण विभाग (PWD), पीआईयू, एनएचएआई, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), सेतु निगम, भवन विकास निगम और म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।






