A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेनिवाड़ीमध्यप्रदेश

एक ही समस्या को लेकर कोई आवेदक कार्यालय के चक्कर न लगाए : कलेक्टर जमुना भिड़े

जनसुनवाई में 50 आवेदनों पर सुनवाई, समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण के निर्देश

निवाड़ी। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान आमजन से प्राप्त कुल 50 आवेदनों पर एक-एक कर सुनवाई की गई।

कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने आवेदकों को व्यक्तिगत रूप से बुलाकर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी लेकर कई प्रकरणों का तत्काल निराकरण कराया। जांच से संबंधित आवेदनों पर अधिकारियों को शीघ्र जांच कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी आवेदक एक ही समस्या को लेकर पुनः कार्यालयों के चक्कर न लगाए। प्रत्येक आवेदन के निराकरण की समय-सीमा तय कर आवेदक को आश्वस्त किया जाए तथा निर्धारित अवधि में संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शिकायती प्रकरणों में फील्ड स्तर पर निष्पक्ष जांच अनिवार्य रूप से की जाए।

प्रशासनिक सुविधा के दृष्टिगत कलेक्टर ने पृथ्वीपुर तहसील के आवेदकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। पृथ्वीपुर निर्वाचन कार्यालय में उपस्थित तहसीलदार श्री शुभम मिश्रा एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं, जिस पर कलेक्टर ने डिजिटल माध्यम से ही वस्तुस्थिति जानकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त भुगतान, पेंशन स्वीकृति, खाद्यान्न पर्ची, भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, राहत राशि वितरण, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड में त्रुटि सुधार एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना, एसडीएम सुश्री मनीषा जैन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, सुश्री स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!