
पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष को मिली अनुसूचित मोर्चा जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भवाली। भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक मजबूती को लेकर लगातार नई जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इसी क्रम में पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज अद्वेती को पार्टी के अनुसूचित मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट तथा अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष रविन्द्र बाली की ओर से दी गई है।
नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की नीतियों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। विधायक सरिता आर्या, भाजपा की निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भावना पांडेय, दिनेश आर्या, पवन भाकुनी, दया किशन पोखरिया, जावेद खान सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी द्वारा अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दिए जाने से संगठन का दायरा लगातार बढ़ रहा है, जिसका लाभ आगामी चुनावों में भाजपा को निश्चित रूप से मिलेगा।









