
अमर बलिदानी राजा भाऊ महाकाल के जीवन-वृतांत एवं शौर्य पर महाविद्यालय में बनेगा विशेष कक्ष— विधायक डॉ सोनकर
सोनकच्छ। गुरुवार को शासकीय महाविद्यालय अमर शहीद राजा भाऊ महाकाल में गुरुवार को विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक राजेश सोनकर ने लगभग 3.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन अतिरिक्त भवन कक्ष का विधिवत भूमि पूजन किया। साथ ही महाविद्यालय में 65 लाख रुपये की लागत से संचालित संपूर्ण मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ राजेश सोनकर ने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करती है और समाज को प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करती है। महाविद्यालय वह स्थान है जहां से युवाओं को जीवन की नई दिशा मिलती है, इसलिए शिक्षा के क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकताओं में प्रमुख है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। इसी क्रम में सोनकच्छ महाविद्यालय में भी इन विकास कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
विधायक डॉ सोनकर ने कहा कि अमर बलिदानी राजा भाऊ महाकाल ने राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके त्याग, साहस और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से महाविद्यालय में उनके जीवन-वृतांत और शौर्य गाथा पर आधारित एक विशेष स्मृति कक्ष बनाने के निर्देश भी महाविद्यालय परिवार को दिए गए हैं, ताकि युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके।
कार्यक्रम में सभी वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता, महाविद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सोनकच्छ से संवाददाता महेश मालवीय मो 7898105345







