
कटनी। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। कैलवारा चाका स्थित 2026 सेंटर वेयरहाउस खरीदी केंद्र में किसानों को भारी अव्यवस्था और मनमानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार सुबह 8 बजे से अपनी उपज लेकर पहुंचे किसानों ने आरोप लगाया कि घंटों इंतजार के बावजूद उनकी फसल की न तो सही तरीके से जांच की गई और न ही तुलाई शुरू हुई। किसानों का कहना है कि बिना उचित जांच के ही उनकी फसल को “कंकड़-मिट्टी मिली होने” का हवाला देकर रिजेक्ट कर दिया गया।
नाराज किसानों को मजबूरन अपनी उपज वापस ट्रॉलियों में भरकर ले जाना पड़ा। इस दौरान खरीदी केंद्र पर आक्रोश का माहौल देखने को मिला। किसानों ने आरोप लगाया कि पहले की तुलना में इस बार उन्हें अपनी फसल बेचने में अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि खरीदी केंद्र की लापरवाही के चलते वे अपनी मेहनत की फसल को औने-पौने दामों में व्यापारियों को बेचने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।
वहीं, मामले में खरीदी केंद्र प्रबंधक ने सफाई देते हुए कहा कि कुछ ही किसानों ने अपना पंजीयन और रजिस्ट्रेशन दिखाया है, जबकि अन्य किसान आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं कर रहे हैं। प्रबंधक के अनुसार अब तक करीब 5 किसानों की फसल पास हुई है, जबकि 20 से 25 किसानों की फसल गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने के कारण रिजेक्ट की गई है।
फिलहाल, खरीदी केंद्र पर फैली अव्यवस्था और किसानों की नाराजगी ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





