

महराजगंज।
नेपाल में भीषण सड़क हादसा: 21 सवारों में महिला व मासूम की मौत, प्रशासन ने संभाली मोर्चा
महराजगंज – नेपाल के पिउठान जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। वाहन में चालक सहित कुल 21 लोग सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही भारत और नेपाल प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तुरंत रूपनदेही के मुख्य जिला अधिकारी से संपर्क कर घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। सभी घायलों को तत्काल लुंबिनी सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
राहत-बचाव में तेजी, एंबुलेंस और मेडिकल टीम अलर्ट
घटना के बाद राहत और बचाव कार्यों को तेज करते हुए एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद को मौके पर भेजा गया है। वहीं एडीएम (एफ/आर) सोनौली में कैंप कर नेपाली प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए हैं।
मौके पर तत्काल 4 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सहित कुल 10 एंबुलेंस भेजी गई हैं।
जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की मेडिकल टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है तथा घायलों के लिए बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।
नेपाल प्रशासन भी पूरी सक्रियता के साथ सहयोग कर रहा है। दोनों देशों के प्रशासन के बीच लगातार संवाद बना हुआ है, जिससे राहत कार्यों में तेजी आई है। परिजनों के लिए संवेदना और मुआवजा
जिलाधिकारी ने मृतकों और घायलों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के लिए ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
घायलों और मृतकों के परिजनों को नेपाल ले जाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन की त्वरित और समन्वित कार्रवाई ने राहत कार्यों को गति दी है, जबकि भारत-नेपाल के बीच बेहतर तालमेल संकट की इस घड़ी में बड़ी ताकत बनकर सामने आया है।
[yop_poll id="10"]



