

हरिद्वार। डॉयल 112 पर फोन कर हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी शख्स को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। आरोपी पौड़ी जिले के यमकेश्चर ब्लॉक का रहने वाला बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक हरिद्वार पुलिस को कंट्रोल रूम से जानकारी मिली कि एक युवक ने डॉयल 112 पर गाली गलौज करते हुए हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी दी है। सूचना पर पुलिस ने कॉलर का नंबर ट्रेस करते हुए आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी शख्स ने बताया कि वह यहां होटल में काम करता है और वह शराब के नशे में यह अपराध कर बैठा, जिसकी वह माफी मांगता है। आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत (30 वर्ष) निवासी ग्राम पाटा यमकेश्वर जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में की गई।









