
पंकज कथूरिया संवाददाता बहादराबाद हरिद्वार (उत्तराखंड)

May 20, vande Bharat
हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री/मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी खड़खड़ी स्थित श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने पिता को मुख्यग्नि दी। इस अवसर पर सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई बड़ी राजनीतिक लोग मौजूद थे।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय सेना के मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी को आज पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का उदाहरण रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। उनके कार्यों को उत्तराखंड ही नहीं, पूरा देश हमेशा याद रखेगा। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा।
मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में शुचिता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। कहा कि वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनके साथ काम करने का अवसर मिला, उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों व शुभचिंतकों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा , रमेश पोखरियाल निशंक, तीर्थ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी,अजय भट्ट , अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज सहित कई विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारी एवं धार्मिक तथा सामाजिक जगत से जुड़ी अनेकों हस्तियां मौजूद रही।





